50 बाबासाहेब डॉ. अम्बेडकर संपूर्ण वाङ्मय
निश्चित रूप से आध्यात्मिक होनी चाहिए। यदि इन तर्कों और विचारों के आधार पर तोला और परखा जाए, तो पाकिस्तान और हिंदुस्तान के बीच एकता एक कल्पित बात भर है। वास्तव में पाकिस्तान और हिंदुस्तान के बीच की अपेक्षा हिंदुस्तान और बर्मा के बीच अधिक आध्यात्मिक एकता है। और यदि हिंदू बर्मा के भारत से अलग होने पर आपत्ति नहीं करते तो यह समझ में आ पाना कठिन है कि हिंदू पाकिस्तान जैसे उस क्षेत्र के अलग होने पर आपत्ति कैसे कर सकते हैं जो शेष भारत से राजनीतिक तौर पर वियोज्य, सामाजिक तौर पर विद्वेषी तथा आध्यात्मिकता की दृष्टि से परकीय है।