209
अध्यायः 9
विदेशियों से आग्रह
निर्दयी को दास बनाने की स्वतंत्रता नहीं होनी चाहिए
I
दुनिया जानती है कि कुछ अपवादों को छोड़कर अधिकतर सभी विदेशी, जो भारत के राजनीतिक मामलों में रुचि लेते हैं, कांग्रेस के पक्षधर हैं। यह उलझन की बात है, जिससे देश की अन्य राजनीतिक पार्टियों के लिए - जैसे मुस्लिम लीग, जो मुसलमानों का प्रतिनिधित्व करने का दावा करती है, जस्टिस पार्टी, जिसमें अब कोई जान नहीं है, जिसे गैर-ब्राह्मण दल के नाम से भी जाना जाता है और भारतीय परिगणित जाति संघ, जो अस्पृश्यों का प्रतिनिधित्व करने का दावा करती है - स्वभावतः पहले से ही परेशानी पैदा हो गई है और ये सभी पार्टियां विदेशियों से समर्थन की अपील करती हैं, परंतु विदेशी उनकी अपील सहानुभूति के तौर पर भी सुनने को तैयार नहीं हैं। विदेशी लोग कांग्रेस का समर्थन क्यों करते हैं और अन्य पार्टियों का क्यों नहीं? विदेशियों ने अपने इस व्यवहार के दो कारण गिनाए हैं। कांग्रेस को समर्थन देने का एक कारण वे यह बताते हैं कि उनके विचार में भारतीय नागरिकों का प्रतिनिधित्व करने वाली संस्था केवल कांग्रेस है और वही संस्था भारत के नाम पर बोल रही है यहां तक कि अस्पृश्यों के संदर्भ में भी। क्या उनकी सोच सही है?
पहला कारण है भारतीय प्रेस द्वारा इस विचार का प्रचार किया जाता है। भारत में प्रेस कांग्रेस को वही सहयोग देती है जैसे किसी अपराधी को कोई सहयोग दे। प्रेस इस सिद्धांत में विश्वास रखती है कि कांग्रेस कभी गलती नहीं कर सकती। प्रेस किसी ऐसी सूचना को छापना गंवारा नहीं करती, जो कांग्रेस की प्रतिष्ठा तथा उसकी विचारधारा के विरुद्ध हो। केवल प्रेस के ही कारण कांग्रेस कांग्रेस यह शोर मचाती रहती है कि कांग्रेस ही सबका प्रतिनिधित्व करती है। इसे अबाध रूप से विज्ञापित किया गया है कि इसी के फलस्वरूप इंग्लैंड और अमरीका के लोग केवल कांग्रेस को ही सबका प्रतिनिधित्व करने वाली संस्था के रूप में जानते हैं।