142 बाबासाहेब डॉ. अम्बेडकर संपूर्ण वाघ्मय
माननीय डॉ. बी. आर. अम्बेडकरः मैं अपने माननीय मित्र को बताना चाहता हूं कि वहां अनिवार्य पंच-फैसले की कोई व्यवस्था नहीं है। मुद्दे पर आते हुए, मेरा निवेदन है कि हम इस सिद्धांत को स्वीकार नहीं कर सकते कि जैसे ही कोई मजदूर संघ मालिकों को नोटिस दे दे या हड़ताल की धमकी दे दे तो हम तुरंत नियम 81 लागू कर दें। हमें अवसर दिया जाए हमारे कंधों पर दायित्व होना चाहिए कि हम यह जांच करें कि क्या शिकायतें जायज हैं? अन्यथा हड़तालों का प्रश्न दिन प्रतिदिन का मामला हो जाएगा और मेरा विश्वास है कि इस सदन में कोई इसका अनुमोदन नहीं करेगा।
अन्य मुद्दा जो श्री जोशी ने उठाया है वह श्रमिकों की समस्याओं पर कार्य करने में श्रम विभाग की कमजोरी या अक्षमता का है। उनको यह शिकायत है कि श्रमिकों की समस्याओं के समाधान के लिए अलग से श्रम मंत्रालय हो, इस कार्य के लिए अधिकारी नियुक्त किए जाने चाहिए - एक वृद्धावस्था पेंशन पर रिपोर्ट देने के लिए, दूसरा बीमारी बीमे के लिए और तीसरा श्रमिकों की अन्य जरूरी समस्याओं के लिए। श्रीमन्, मैं जोशी की बात का प्रतिवाद नहीं करना चाहता, वास्तव में, उन्होंने जो कहा, व्यक्तिगत रूप से मेरी पूरी सहानुभूति उसके साथ है।
श्रम विभाग का विस्तार
इस मुद्दे पर मैं इतना ही कहना चाहता हूं कि यदि उन परिस्थितियों को देखा जाए जिनमें हम रह रहे हैं और प्रशासन चला रहे हैं, तो ऐसा नहीं कहा जा सकता कि श्रम विभाग अपने वर्तमान स्वरूप में समस्याओं को सुलझाने में अक्षम है। श्रीमन, पहली बात तो यह है कि श्रम विभाग अब किसी अन्य विभाग का उपांग नहीं है। एक समय था जब यह या तो वाणिज्य मंत्रालय का अथवा उद्योग विभाग का भाग हुआ करता था। अब ऐसा नहीं है। यह अलग और स्वतंत्र विभाग है। यह सच है कि यह एकदम अलग विभाग नहीं है। परंत साथ ही कोई यह तर्क भी नहीं दे सकता कि यह अन्य विभागों की तुलना में, जो उन विभागों के माननीय सदस्यों क अधीन हैं, स्वतंत्र और महत्वपूर्ण विभाग नहीं है।
श्रीमन, मैंने हाल ही में इस विभाग का विस्तार किया है। वर्ष 1942 के पहले, हमारे यहां श्रम संबंधी मामलों को देखने के लिए मात्र एक अवर सचिव था। अब हमारे यहां एक उप-सचिव है और दो अवर सचिव हैं। इसके साथ ही, एक श्रम सलाहकार है। हमारे विभाग में एक श्रम कल्याण सलाहकार - श्री निम्बकार हैं। इसके अतिरिक्त, आठ सहायक श्रम कल्याण सलाहकार हैं। श्रमिकों के बारे में सभी आंकड़े एकत्र करने के लिए हमने एक संगणक भी रखा है। इसके अतिरिक्त बहुत से कर्मचारी हैं। दरअसल तकनीकी प्रशिक्षण के लिए काफी कर्मचारी हैं जो श्रमिकों के लिए बड़े उपयोगी हैं।