38. युद्धोत्तर बिजली विकास - Page 242

युद्धोत्तर बिजली विकास

217

एक अन्य सिफारिश यह स्वीकार की गई है कि सार्वजनिक उपयोगिता के बारे में जनहित और उपयोग को ध्यान में रखते हुए आवश्यक वित्तीय सिद्धांत निर्धारित किए जाएं। विद्युत अधिनियम की धारा 35 के अधीन एक सलाहकार बोर्ड बनाया जाए जो सरकार को इन सिद्धांतों के लागू करने के विषय में उनके स्वरूप, सीमा और उपायों के विषय में परामर्श दे। इस सलाहकार बोर्ड में दो प्रतिनिधि सरकार के हों, दो प्रांतीय सरकारों की सहमति से नियुक्त किए जाएं, और एक प्रतिनिधि बिजली उद्यमों के संघ का हो।

भारतीय विद्युत अधिनियम, 1910 की धारा 7 में संशोधन पर विचार-विमर्श के दौरान, केंद्र सरकार द्वारा जांच के विभिन्न मुद्दे उठाए गए ताकि बिजली विकास के बारे में कोई समन्वित और व्यवस्थित नीति तैयार की जा सके। समिति में इस बात पर सहमति थी कि कानून में इस प्रकार का संशोधन किया जाए कि प्रतिष्ठानों के बारे में पहला विकल्प प्रांतीय सरकारों को दिया जाए। अंतर-प्रांतीय विकास के लिए केंद्रीय नियंत्रण आवश्यक समझे जाने पर बिजली उद्यमों को केंद्र सरकार को सौंपे जाने के प्रश्न पर विचार किया गया। इस प्रश्न के कुछ पक्षों पर विचार में भिन्नता थी और यह फैसला किया गया कि प्रांतीय सरकारों से परामर्श करके इस विषय पर और आगे गौर किया जाए।

सरकार की प्रशिक्षण योजनाएं

नीति समिति ने बिजली सप्लाई उद्योग में व्यावसायिक और प्रशासनिक मामलों में भारतीय इंजीनियरों को विदेश में प्रशिक्षण पर भेजने का और केंद्रीय तकनीकी बोर्ड के गठन का स्वागत किया। चार अधिकारी ब्रिटेन में, चार अमरीका के टेनेसी घाटी प्राधिकरण में और दो कनाडा में प्रशिक्षण लेंगे। इनमें से दो अधिकारी केंद्र सरकार के चार प्रांतीय सरकारों के, दो रियासतों के और दो सार्वजनिक बिजली उद्योगों के होंगे। दोनों केंद्रीय अधिकारियों का खर्च केंद्र सरकार उठाएगी। यह कहा गया है कि भारतीय इंजीनियर बिजली उद्योग के व्यावसायिक और प्रशासनिक पक्ष का प्रशिक्षण लेंगे, सरकार का इरादा तकनीकी पक्ष का प्रशिक्षण लेने के लिए दो दल और भेजने का है।

बैठक की अध्यक्षता माननीय डॉ. बी. आर अम्बेडकर ने की। इसके सदस्य थेः भारत सरकार के योजना और विकास सदस्य, माननीय सर आर्देशिर दलालः बंगाल के वाणिज्य श्रम और उद्योग मंत्री, माननीय श्री. के. शहाबुद्दीन, सिंध के लोक निर्माण मंत्री, माननीय रायबहादुर गोकुल दास, मिर्जा इस्माइल और राजा धमकर्म बहादुर। केंद्र और प्रांतीय सरकारों के अधिकारियों और भारतीय मजदूर कांग्रेस बिजली उद्योग के संघ और भारतीय इंजीनियर एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने भी बैठक में भाग लिया।