57. पुनर्वास योजनाएं - Page 333

308 बाबासाहेब डॉ. अम्बेडकर संपूर्ण वाघ्मय

प्रो. एन.जी. रंगाः उनकी नियुक्ति में आप कितना समय लेते हैं?

माननीय डॉ. बी. आर. अम्बेडकरः कठिनाई यह है कि इन पदों को संघीय लोक सेवा आयोग की सिफारिशों पर भरा जाता है और संघीय लोक सेवा आयोग तीन महीने के करीब समय लेता है। मैं नहीं जानता कि और कहना भी नहीं चाहता कि क्या संघीय लोक सेवा आयोग अनावश्यक विलंब करता है। (प्रो. एन.जी. रंगा द्वारा व्यवधान) मैं मात्र इतना कह रहा था कि इन दफतरों को शीघ्र शुरू करने में देर क्यों होती है। पहली कठिनाई यह है कि संघीय लोक सेवा आयोग के माध्यम से नियुक्तियां करने के कारण काफी समय लग जाता है। दूसरे जब नियुक्ति हो जाती है तो हमें उन्हें प्रशिक्षण देना पड़ता है। इसलिए इस सब में समय लगता है और मैं नहीं समझता कि समय बर्बाद किया जाता है।

श्रम आयोग की आलोचना में एक और मुद्दा उठाया जाता है कि सभी रोजगार दफतर शुरू नहीं किए गए हैं। श्रम विभाग ने अभी सभी दफतरों को कार्यक्षेत्र में नहीं उतारा है। इसका अर्थ यह नहीं है कि कोई संगठन कार्यक्षेत्र में नहीं है जो इस काम को चला सकें। सदस्यों को जानकारी होगी कि युद्ध विभाग में एक भर्ती और रोजगार ब्यूरो है जो अपना काम कर रहा है और सरकार की नीति है कि समय आने पर इस संगठन से यह कार्य ले लिया जाए और संपूर्ण कार्य श्रम विभाग को दे दिया जाए। श्रम विभाग जब रोजगार दफतर खोलने का काम आगे बढ़ाएगा तो वह युद्ध विभाग से इस काम को अपने हाथों में ले लेगा। फलस्वरूप, आज स्थिति यह है कि वास्तव में दो भिन्न संगठन आपस में पूरा सहयोग कर रहे हैं - एक है श्रम विभाग और दूसरा है युद्ध विभाग और हमें आशा है कि समय आने पर सभी कार्य जो अभी भर्ती संगठन कर रहा है रोजगार दफतरों पर आ जाएगा और पुर्नस्थापना के संपूर्ण कार्य को चलाने के लिए एक भरा-पूरा सक्षम संगठन तैयार हो जाएगा।

श्रीमन्, मुझे आशा है कि सदन को इससे संतोष होगा कि जिन परिस्थितियों में श्रम विभाग है उनकी दृष्टि में वह यथेष्ठ प्रत्यन कर रहा है। मैं केवल इतना कहना चाहूंगा। मैं समझता हूं कि इस बात का अहसास किया जाएगा कि युद्ध अनुमान से पहले समाप्त हो गया और जो मामले हमारे सामने आए उनसे हम पुर्नस्थापना के बारे में सकते में पड़ गए। फिर भी मैं आश्वस्त हूं कि थोड़े समय में जो संभव है वह किया जा रहा है और मुझे संदेह नहीं है कि जो सैनिक हटा दिए गए हैं उन्हें यह संगठन अपने असैनिक रोजगार के लिए बहुत उपयोगी लगेगा।