1 औद्योगिक संस्थानों में श्रमिकों की हाल की हड़ताल - Page 18

विधानसभा वाद-विवाद (केन्द्रीय) प्रश्न और उत्तर 3

माननीय डॉ. बी.आर. अम्बेडकरः कुछ मामलों में वे अपनी इच्छा से ही समाप्त हुई हैं।

श्री लालचंद नवलरायः क्या मैं माननीय सदस्य से यह जान सकता हूँ कि क्या इनमें से किसी ने हड़ताल सरकार द्वारा प्रस्तुत शर्तों पर समाप्त की और वे शर्तें क्या थी?

माननीय डॉ. बी.आर. अम्बेडकरः नहीं मुझे ऐसे किसी मामले की जानकारी नहीं है, जिसमें सरकार ने श्रमिकों को काम पर आने के लिए, उनके सामने कुछ शर्तें पेश की हों।

श्री एन.एम. जोशीः क्या मैं माननीय सदस्य द्वारा किए गए बयान के संबंध में यह पूछ सकता हूँ कि क्या बम्बई के श्रमिकों द्वारा प्रस्तुत मांगें सरकार के समक्ष रखी गईं? क्या उन्हें यह जानकारी है कि बम्बई गिरनी कामगार संघ ने बम्बई सरकार को एक महीना पहले, वेतन तथा अन्य मामलों के संबंध में अपनी मांगों के विषय में एक बयान भेजा था?

माननीय डॉ. बी. आर. अम्बेडकरः मैं जानता हूं कि कुछ मांगें की गई थीं, परन्तु जिस बात पर मैं जोर देना चाहता हूँ, वह यह है कि जहां तक मुझे मालूम है, बम्बई में किसी भी मामले में, काम के बंद होने का कारण शिकायतें करना था।

श्री एन.एम. जोशीः क्या मैं यह पूछ सकता हूँ कि क्या गिरनी कामगार संघ ने अपनी मांगें बम्बई सरकार को भेजी हैं, और यदि, उसके बाद, हड़तालें हुई, तो माननीय सदस्य के यह कहने का क्या अभिप्राय है कि कोई आर्थिक मांग नहीं की गई या कोई भी आर्थिक मांग हड़ताल का कारण नहीं थी और उन्होंने यह बात कैसे कही और यह निष्कर्ष कैसे निकाला?

माननीय डॉ. बी.आर. अम्बेडकरः बम्बई सरकार से मुझे कोई रिपोर्ट नहीं मिली, परन्तु जिस जानकारी का उल्लेख माननीय सदस्य ने किया है वह मुझे समाचार पत्रों से मिली।

श्री एन.एम. जोशीः क्या मैं माननीय सदस्य से यह अनुरोध कर सकता हूं कि वे बम्बई सरकार से यह पूछताछ करें कि क्या उसने बम्बई के कपड़ा कर्मियों की शिकायतों को दूर करने तथा बम्बई गिरनी कामगार संघ द्वारा रखी गई मांगों पर विचार करने के लिए कोई कार्रवाई की है?

सर कोवासजी जहांगीरः क्या मैं माननीय सदस्य से यह पूछ सकता हूँ कि 8/9 अगस्त, के बाद बम्बई के कपड़ा मिलों में कितनी हड़तालें हुईं?