विधानसभा वाद-विवाद (केन्द्रीय) प्रश्न और उत्तर 299
श्री लालचन्द नवलरायः लेकिन मैं चाहता हूँ कि माननीय सदस्य मेरे प्रश्नों का उत्तर दें।
अध्यक्ष महोदय (माननीय सर अब्दुर रहीम)ः माननीय सदस्य ने उत्तर दे दिया है।
श्री लालचन्द नवलरायः मैं जानता हूँ कि माननीय सदस्य इस प्रश्न के बारे में शर्मिन्दगी महसूस कर रहे हैं, क्योंकि यदि वह वक्तव्य देते हैं तो वह उनके अपने उत्तरों के प्रतिकूल जाएगा। मेरा निवेदन है कि माननीय सदस्य को मेरे प्रश्न का उत्तर देना चाहिए अन्यथा इस विषय पर आस्थगन प्रस्ताव लाया जाएगा।
डॉ. सर जियाउद्दीन अहमदः मेरे विचार में सदन को यह जानने का हक है कि क्या यह निजी उपदान है, क्या यह परिसंघ की सुविधा के लिए है।
माननीय डॉ. बी.आर. अम्बेडकरः यह परिसंघ को दिया जाता है।
श्री टी.एस. अविनाशलिंगम चेट्टियारः क्या मैं यह जान सकता हूँ कि सरकार ने अपना समाधान कर लिया है कि परिसंघ के लेखा में उसे दर्ज कर लिया गया है और उसे परिसंघ के माध्यम से खर्च किया गया है?
माननीय डॉ. बी.आर. अम्बेडकरः हाँ।
श्री टी.एस. अविनाशलिंगम चेट्टियारः क्या मैं यह जान सकता हूँ कि क्या सरकार और अधिक रकम देने की सोच रही है?
माननीय डॉ. बी.आर. अम्बेडकरः नहीं।
श्री टी.एस. अविनाशलिंगम चेट्टियारः क्या मैं यह जान सकता हूँ कि फिलहाल यह कितने समय के लिए मंजूर किया गया है?
माननीय डॉ. बी.आर. अम्बेडकरः एक साल के लिए।
श्री टी.एस. अविनाशलिंगम चेट्टियारः क्या मैं यह जान सकता हूँ कि यह कब समाप्त होगा?
माननीय डॉ. बी.आर. अम्बेडकरः जब बजट समाप्त हो जाएगा।
श्री बद्री दत्त पाण्डेः माननीय सदस्य ने दूसरे दिन कहा था कि लेखाओं की सम्परीक्षित प्रतियां सदन के पटल पर रखी जाएंगी। क्या उन्होंने ऐसा कर दिया है?