विधानसभा वाद-विवाद (केन्द्रीय) प्रश्न और उत्तर 27
लगभग तीन लाख कर्मचारियों में उत्पन्न परम् असंतोष जो सम्बंधित कर्मचारियों के लिए बहुत कम तथा अपर्याप्त मंहगाई भत्ते की स्वीकृति की घोषणा करने से पहले अलग-अलग सम्बंधित ट्रेड यूनियनों के साथ सरकार द्वारा परामर्श न करने के कारण उपत्न्न हुआ है।
यह घोषणा कब की गई थी?
श्री जमनादास एम. मेहताः इस वर्ष 23 जनवरी को।
अध्यक्ष महोदयः (माननीय सर अब्दुर रहीम)ः पिछले सत्र के बाद।
श्री जमनादास एम. मेहताः जी हाँ।
अध्यक्ष महोदयः (माननीय सर अब्दुर रहीम)ः प्रभारी सदस्य कौन हैं?
माननीय डॉ. बी.आर. अम्बेडकर (श्रम सदस्य)ः मेरे विचार से ट्रेड यूनियनों से परामर्श करने में असफल रहना सार्वजनिक महत्व का अत्यावश्यक मामला नहीं है।
अध्यक्ष महोदयः (माननीय सर अब्दुर रहीम)ः क्यों?
माननीय डॉ. बी.आर. अम्बेडकरः यह एक निश्चित मामला नहीं है, क्योंकि सरकार पर कोई जि़मेदारी नहीं डाली गई है।
अध्यक्ष महोदयः (माननीय सर अब्दुर रहीम)ः वह उत्तर गुणों/योग्यता के आधार पर हो सकता है। यह घोषणा 23 जनवरी को की गई थी।
माननीय डॉ. बी.आर. अम्बेडकरः ऐसा ही है।
अध्यक्ष महोदयः (माननीय सर अब्दुर रहीम)ः आरोप यह है कि कर्मचारियों में, जिनकी संख्या तीन लाख है, अत्यधिक असंतोष है। इससे यह पता चलता है कि यह एक महत्वपूर्ण सार्वजनिक मामला है। मेरा मत है कि यह प्रस्ताव ठीक है।
माननीय डॉ. बी.आर. अम्बेडकरः मुझे प्रस्ताव पर आपत्ति है।
अध्यक्ष महोदयः (माननीय सर अब्दुर रहीम)ः चूंकि आपत्ति की गई है, अतः क्या वे लोग जो प्रस्ताव की स्वीकृति के पक्ष में हैं अपने स्थान पर खड़े होंगे?
(25 से अधिक सदस्य खड़े हो गए।)
चूंकि 25 सदस्यों से अधिक सदस्य प्रस्ताव को स्वीकार करने के पक्ष में हैं अतः इस प्रस्ताव को 4 बजे या पहले चर्चा के लिए लिया जाएगा यदि कार्यसूची की मदें पहले समाप्त हो गई। मैं इस सम्बंध में यह मानता हूँ कि यही सदन की इच्छा है।