प्रारुप संविधान का प्रथम वाचन - Page 68

49

संघ के राष्ट्रपति को ऐसा करने की शक्ति तब तक नहीं है जब तक उसके मंत्रियों को संसद में बहुमत हासिल है।

अमरीका की राष्ट्रपति शासन प्रणाली कार्यपालिका और विधायिका के पृथक्करण पर आधारित है। अमेरिका का राष्ट्रपति और उसके सचिव कांग्रेस के सदस्य नहीं हो सकते। प्रारुप संविधान ने इस सिद्धांत को मान्यता नहीं दी है। भारत संघ के मंत्री संसद के सदस्य हैं। बल्कि संसद के सदस्य ही मंत्री बन सकते हैं। मंत्रियों को भी वही अधिकार प्राप्त हैं जो संसद के अन्य सदस्यों को प्राप्त हैं। वे संसद में बैठ सकते हैं, बहस में भाग ले सकते हैं, और कार्यवाहियों में मतदान कर सकते हैं। शासन की दोनों प्रणालियां निस्संदेह लोकतांत्रिक हैं और दोनों में चुनाव करना आसान नहीं है। लोकतांत्रिक कार्यपालिका को दो शर्तें अवश्य पूरी करनी चाहिएंः

(1) वह टिकाऊ कार्यपालिका हो, और (2) वह उत्तरदायी कार्यपालिका हो। दुर्भाग्यवश, अभी तक ऐसी प्रणाली का पता नहीं चल पाया है जो जिसमें दोनों बातें समान मात्रा में सुनिश्चित हो सकें। ऐसी शासन-प्रणाली हो सकती है जो आपको अधिक स्थिरता दें किन्तु उत्तरदायित्व कम हो अथवा ऐसी प्रणाली हो सकती है जो अधिक उत्तरदायी हो किन्तु कम टिकाऊ हो। अमेरिकी और स्विस प्रणालियों में स्थिरता तो अधिक है किन्तु उत्तरदायित्व कम हैं। दूसरी ओर, ब्रिटिश शासन प्रणाली उत्तरदायी तो बहुत है किन्तु स्थिर कम है। इसका कारण स्पष्ट है। अमेरिकी कार्यपालिका एक संसदेतर कार्यपालिका है जिसका अभिप्राय यह है कि वह अपने अस्तित्व के लिए कांग्रेस में बहुमत पर आश्रित नहीं है कि जबकि ब्रिटिश शासन प्रणाली एक संसदीय कार्यपालिका है, जिसका अभिप्राय वह है कि वह संसद में बहुमत पर आश्रित है। संसदेतर कार्यपालिका होने के कारण, संयुक्त राज्य अमेरिका की कांग्रेस कार्यपालिका को बर्खास्त नहीं कर सकते। संसदीय प्रणाली की सरकार को संसद सदस्यों के बहुमत का विश्वास खोते ही त्यागपत्र दे देना चाहिए। यदि उत्तरदायित्व के दृष्टिकोण से देखें तो गैर संसदीय कार्यपालिका संसद से स्वतंत्र होती है इसलिए वह विधायिका के प्रति कम जिम्मेदार होती है जबकि संसदीय कार्यपालिका संसद में बहुमत पर अधिक आश्रित होने की वजह से अधिक जिम्मेदार होती है। संसदीय प्रणाली गैर-संसदीय प्रणाली से भिन्न होती है क्योंकि प्रथम प्रणाली दूसरी प्रणाली से ज्यादा जिम्मेदार होती है बल्कि अपनी जिम्मेदारी के मूल्यांकन की एजेंसी और समय के बारे में भी उनमें अंतर है। गैर-संसदीय प्रणाली में जैसी अमेरिका में है, कार्यपालिका की जिम्मेदारी का मूल्यांकन आवधिक होता है। यह दो वर्ष में एक बार होता है। यह निर्वाचक-मंडल द्वारा किया जाता है। इंग्लैण्ड में, जहां संसदीय प्रणाली है, कार्यपालिका के उत्तरदायित्व का मूल्यांकन रोजाना और आवधिक दोनों होता है। दैनिक मूल्यांकन संसद सदस्यों द्वारा प्रश्नों, संकल्पों, अविश्वास प्रस्तावों, अस्थगन प्रस्तावों और अभिभाषण पर वाद-विवाद के माध्यम से