148 बाबासाहेब डॉ. अम्बेडकर संपूर्ण वाङ्मय
सदन मुझे ऐसा कहने की अनुमति दे, मैं उनके द्वारा उल्लिखित खतरे से भली-भांति परिचित हूं। मैंने जीवन का एक बहुत बड़ा हिस्सा बंबई नगर में बिताया है, जिसे मैं अपराध जगत कह सकता हूं। 1911 से 1933 तक मैं विकास न्यास की चाल में मजदूरों और निम्न वर्ग के बीच रहा हूं, और मैं पुलिस आयुक्त या माननीय गृह मंत्री से भी अच्छी तरह जानता हूं कि कैसे ये गरीब लोग उनके द्वारा सताए जाते हैं जो मवाली या दादा कहलाते हैं, कैसे उन आहत लोगों के लिए न्याय पाना पूर्णतः असंभव है, क्योंकि वे खुद ही ज्यादा सताए जाने के भय से अदालत में नहीं जाते और उन्हें दोषी ठहराने की कोशिश नहीं करते। इसलिए मैं समझता हूं कि जो विधेयक लाया गया है, वह मामले की स्थिति को देखते हुए पूर्णतः न्यायसंगत है। लेकिन मैंने यह महसूस किया है कि एक और खतरा है, जिससे यहां के लोग अभिशप्त हैं और जिसके लिए उन्होंने विधेयक में कोई प्रावधान नहीं किया है। महोदय, जिस स्थिति का मैं उल्लेख कर रहा हूं, वह जिन्हें हम सांप्रदायिक दंगे कहते हैं, उनसे उत्पन्न होती है। बंबई नगर में हुए सांप्रदायिक दंगों से संबंधित कुछ आंकड़े यहां मेरे पास हैं। 1851 से 1938 के बीच बंबई नगर में कुल 9 सांप्रदायिक दंगे हुए। पहला दंगा 17 अक्तूबर 1851 को हुआ। यह मुसलमानों और पारसियों के बीच हुआ था। दूसरा दंगा 1874 में हुआ, यह भी मुसलमानों और पारसियों के बीच हुआ था। तीसरा दंगा 1893 में हुआ और यह हिन्दू और मुसलमानों के बीच हुआ था। पांचवां दंगा 1932 में, छठा 1933 में, सातवां 1936 में, आठवां 1937 में और नवां 17 अप्रैल 1938 में हुआ था। ये सभी दंगे हिन्दू और मुसलमानों के बीच हुए। 1893 के दंगे में 80 लोग मारे गए, 60 मंदिर तोड़े गए, 7 मस्जिदें ध्वस्त हुईं और 27 दुर्ग तोड़े गए। मेरे पास अन्य के बारे में कोई आंकड़े नहीं हैं। 1929 में हुए दंगे में 51 लोग मारे गए और 120 से अधिक लोग घायल हुए (इसके सही आंकड़े नहीं हैं)। जिस तीव्रता से ये दंगे हुए, यह भी दिलचस्प और महत्त्वपूर्ण है, जिसे सदन को ध्यान में रखना चाहिए। जैसा कि मैंने आपको बताया है, पहला दंगा 1851 में हुआ, दूसरा दंगा पहले दंगे के 23 साल के बाद हुआ, तीसरा दूसरे के 19 साल के बाद, चौथा तीसरे के 36 साल बाद, पांचवां चौथे के तीन साल बाद, छठा पांचवें के एक साल बाद, सातवां छठे के 3 साल बाद, आठवां सातवें के एक साल के भीतर हुआ और नवां आठवें के बाद एक साल से कम समय में हुआ। अब, हममें से जो इन तथ्यों और जिम्मेदारी के प्रति सचेत हैं, वे इससे सहमत होंगे कि सभ्यता के निरंतर पतन, और हर साल इन दोनों समुदायों के बीच होने वाले रक्तपात का कोई समाधान होना चाहिए। मैं इन दंगों के कारणों में नहीं जाना चाहता, चाहे वे राजनैतिक हों, चाहे वे धार्मिक हों या आर्थिक हों। उससे हमारा कोई मतलब नहीं है। यह एक वास्तविक तथ्य है कि एक मुसलमान बिना किसी की परवाह किए एक हिन्दू को छुरा घोंप देता है, और एक हिन्दू बिना किसी की परवाह किए एक मुसलमान को मार देता है। इस विभीषिका को हम कभी बर्दाश्त नहीं कर सकते। मैं मानता हूं कि