270 बाबासाहेब डॉ. अम्बेडकर संपूर्ण वाङ्मय
परिषद के लिए हुए थे। जैसा कि मेरे माननीय मित्र प्रधानमंत्री को याद होगा, 1932 में कांग्रेस ने विधान मंडलों का बहिष्कार किया। उन्होंने चुनाव लड़ने से इंकार किया। अब, कांग्रेस ने 1932 में — यदि यह तिथि गलत है, तो मैं उसे ठीक करने को तैयार हूं — मैं अपनी याद्दाश्त से बोल रहा हूंः
एक माननीय सदस्य : यह 1930 का वर्ष था।
डॉ. भीमराव अम्बेडकर : 1930; कांग्रेस ने 1930 में लोगों को डराने के लिए, लोगों को समझाने के लिए कि वे चुनाव में भाग न लें, कई तरह की युक्तियां निकालीं। मैं आपको याद दिलाना चाहता हूं कि यही वह वर्ष था, जिसमें डांडी यात्रा हुई थी। महोदय! 1930 में विधायिका में शामिल होने से रोकने के लिए कांग्रेस के नारे क्या थे? एक नारा जो इन लोगों के द्वारा दिया गया था, जहां तक मुझे याद है, वह था — कौंसिल में जाना हराम है। लेकिन वही सब कुछ नहीं था। दूसरा नारा था — परिषद में कौन जाएगा? ढेड़ जाएगा, चमार जाएगा। ये वे नारे थे, जिनका कांग्रेसी लोगों ने उपयोग किया था (व्यवधान)। कृपया सुनिए। अगर मेरे माननीय मित्र प्रमाण चाहते हैं, तो मैं अकाट्य प्रमाण दूंगा और मैं इस सदन में कह सकता हूं कि नारा इतना अपमानजनक था कि टाइम्स ऑफ इंडिया ने भी इस पर संपादकीय लिखना जरूरी समझा। अब, जिस मुद्दे पर मैं प्रकाश डाल रहा था, वह यह है कि हिन्दू — कांग्रेसी विचारधारा के हिन्दू भी जो यह कहते हैं कि वे जाति को भूल गए हैं, जो कहते हैं कि वे छुआछूत को भूल गए हैं। उन हिन्दुओं ने, यहां तक कि कांग्रेसी विचारधारा के हिन्दुओं ने भी ऐसे नारों का उपयोग किया। महोदय! अगर देश के सर्वोत्कृष्ट लोग, जैसा कि मैं यहां देख रहा हूं, हिन्दू संप्रदाय का सबसे प्रबुद्ध हिस्सा उस समुदाय के प्रति ऐसी घृणा व्यक्त करने की क्षमता रखता है, जो इतना असहाय, इतना दलित है, तो आप उस रूढि़वादी तबके से क्या उम्मीद कर सकते हैं, जिनके लिए मेरे माननीय मित्र प्रधानमंत्री के द्वारा पारित कानून से मनु द्वारा बनाए गए कानून ज्यादा महत्त्वपूर्ण हैं।
महोदय! अब मैं दूसरा मामला ले रहा हूं। मैं ज्यादातर गुजरात के मामलों को ले रहा हूं। एक सोचे-समझे कारण के तहत, क्योंकि मुझे बताया जाता है कि वह हमारी प्रेसिडेंसी का सबसे प्रबुद्ध हिस्सा है। जिस उदाहरण को मैं बताने जा रहा हूं, वह अहमदाबाद जिले के ढोलका तालुक के कविता नामक गांव का है। हम सबको इस बारे में विशेष ध्यान देना चाहिए। इस मामले के तथ्य इस प्रकार हैं! किसी
खास दिन, किसी ब्राह्मण ने कविता गांव के किसी अछूत समुदाय के कुछ लोगों पर हमला किया। मेरे माननीय मित्र ध्यान रखें कि ये तथ्य हरिजन से लिए गए हैं, जो इस संबंध में अंतिम वाक्य माना जा सकता है।
माननीय श्री बी.जी. खेर : मैं उस जगह पर गया था, मुझे घटना का पता है। माननीय सदस्य को इसका उल्लेख करने की जरूरत नहीं।