272 बाबासाहेब डॉ. अम्बेडकर संपूर्ण वाङ्मय
मैंने 1933 में भाषा की अंतिम परीक्षा पास की। मैंने चार दर्जे तक अंग्रेजी पढ़ी है। मैंने बंबई नगरपालिका की स्कूल समिति में एक शिक्षक पद के लिए आवेदन किया। लेकिन मैं असफल रहा, क्योंकि कोई स्थान रिक्त नहीं था। तब मैंने पिछड़ा वर्ग अधिकारी, अहमदाबाद, के पास एक तलाठी के पद के लिए आवेदन किया और मैं सफल रहा। 19 फरवरी 1938 को मुझे खेड़ा जिले के बोरसाद तालुक में मामलातदार के कार्यालय में तलाठी के रूप में नियुक्त किया गया। हालांकि मेरा परिवार मूलतः गुजरात से है, लेकिन मैं पहले गुजरात में कभी नहीं रहा। वहां जाने का यह मेरा पहला अवसर था। इस प्रकार, मैं यह नहीं जानता था कि सरकारी कार्यालयों में छुआछूत मानी जाएगी। इसके अतिरिक्त, मेरे आवेदन में मेरा हरिजन होना उल्लिखित था और इसलिए मुझे उम्मीद थी कि कार्यालय के मेरे सहयोगियों को पहले से ही यह पता होगा कि मैं कौन हूं। ऐसा होने पर, जब मैं तलाठी के पद का कार्यभार लेने के लिए पहुंचा, तो मामलातदार कार्यालय के क्लर्क का व्यवहार देखकर चकित रह गया। कारकून ने घृणा से पूछा तुम कौन हो? मैंने जवाब दिया महोदय, मैं एक हरिजन हूं। उसने कहा — जाओ और दूरी पर खड़े हो जाओ। मेरे इतना नजदीक
खड़े होने का साहस तुमने कैसे किया? तुम कार्यालय में हो, अगर तुम बाहर होते, तो मैं तुम्हें छह लात मारता। यहां नौकरी के लिए आने की यह ढिठाई कैसे की? इसके बाद उसने जमीन पर मेरे प्रमाण-पत्र और तलाठी के रूप में नियुक्ति पत्र को गिरा देने को कहा। तब उसने उन्हें उठाया। जब मैं बोरसाद में मामलातदार के कार्यालय में काम करता था, मैंने पीने के लिए पानी प्राप्त करने में बहुत कठिनाई का अनुभव किया। कार्यालय के बरामदे में पीने के लिए पानी से भरे बर्तन रखे होते थे। इन पानी से भरे बर्तनों की देख-रेख के लिए एक पानी देने वाला था। उसका काम कार्यालय के क्लर्कों के लिए, जब भी उन्हें जरूरत होती, तब पानी देना था। उस पानी वाले की अनुपस्थिति में वे खुद ही बर्तनों से पानी निकालते थे और पीते थे। मेरे मामले में यह असंभव था। मैं उन बर्तनों को छू नहीं सकता था, क्योंकि मेरे छूने से पानी भ्रष्ट हो सकता था। इसलिए मुझे पानी वाले की दया पर निर्भर रहना पड़ता था। मेरे उपयोग के लिए एक जंग लगा बर्तन था जिसमें पानी वाला मेरे लिए थोड़ा-थोड़ा पानी डालता था। मेरे अलावा कोई भी इसे छूता या धोता नहीं था। मैं केवल तभी पानी ले सकता था, जब पानी वाला उपस्थित होता था। पानी वाले को मुझे पानी देना पसंद नहीं था। यह देखकर कि मैं पानी के लिए आ रहा हूं, वह खिसक लेता और फलस्वरूप मुझे बिना पानी के रहना पड़ता। ऐसे दिन किसी तरह से कम नहीं थे, जब मुझे पीने के लिए पानी न मिलता हो। निवास के साथ भी यही दिक्कत थी। मैं बोरसाद में अजनबी था। ऊंची जाति का कोई हिन्दू मुझे मकान किराए पर नहीं देता था। बोरसाद में अछूत मुझे मकान नहीं