1. बजट पर चर्चा - Page 48

बजट पर चर्चा

31

साथ मिलाकर देखें तो 8.2 ड्रम है, जो एक औंस भी नहीं है। अब बंबई प्रेसिडेंसी का राजस्व का आधार फिर से देखें और अब मैं यहां एक मद का उल्लेख कर रहा हूं, जिसकी खपत सबसे ज्यादा है। यह है देसी स्प्रिट और इसी मद से हमें सबसे अधिक उत्पाद शुल्क मिलता है। देसी स्प्रिट से बंबई प्रेसिडेंसी को कितना राजस्व प्राप्त होता है? रिपोर्ट बताती है कि देसी स्प्रिट से कुल राजस्व की प्राप्ति 1,54,43,750 रुपए है। ये आंकड़े पूरी प्रेसिडेंसी के हैं। अब हम इसे शहरी क्षेत्र और ग्रामीण क्षेत्र में बांट दें। प्रशासन की रिपोर्ट के अनुसार बंबई प्रेसिडेंसी में 33 कस्बे हैं। इनकी कुल जनसंख्या 29 लाख है। इन 33 कस्बों से देसी शराब से कितना राजस्व मिलता है? यह कुल एक करोड़ रुपए है। इसका अर्थ यह है कि शेष जनसंख्या जो कस्बों में नहीं रहती, बल्कि गांवों में बसती है, उनकी मेरी गणना के अनुसार, जनसंख्या 1,52,00,000 है और जो 54 लाख रुपए की देसी स्प्रिट का उपभोग करती है। हिसाब लगाकर देखें, तो पता चलता है कि इसका प्रति व्यक्ति औसत 5 आने (31 पैसे) प्रति वर्ष से अधिक नहीं आता। मुझे कस्बों के कुल आंकड़ों का कुछ और विश्लेषण करने दें। जैसा कि मैंने पहले कहा है, कस्बों में 29 लाख लोग एक करोड़ रुपए की शराब पीते हैं। क्या यह सही है? हम सब जानते हैं कि इस देश में औरतें शराब नहीं पीतीं। इतना ही नहीं, बड़े से बड़ा शराबी भी यह सहन नहीं कर सकता कि उसकी पत्नी शराब को चखकर भी देखे। बच्चे भी शराब नहीं पीते। इसलिए यह न्यायसंगत होगा, अगर हम कस्बों की जनसंख्या में से 75 प्रतिशत शराब न पीने वाली बच्चों और औरतों की जनसंख्या को निकाल दें। अगर आप इतने लोगों को निकाल दें, तो शराब की बुराई से जकड़े हुए लोगों की संख्या लगभग 10 लाख रह जाएगी। महोदय! इन आंकड़ों के आधार पर मैं यह दावा करता हूं कि किसी के सामने यदि ये आंकड़े हों और वह निष्पक्ष विचारों का हो, तो वह यह नहीं कह सकता कि इस देश में शराब ऐसी समस्या है, जिसका समाधान अभी करना आवश्यक हो।

महोदय! मैं जानता हूं कि हमारे यहां ऐसे लोग हैं, जिनका आदर्श अमरीका है और जो यह सोचते हैं कि अमरीका ने 1919 में अपने संविधान में संशोधन करके मद्यनिषेध की नीति को चलाया है, उसी प्रकार इस देश में भी उस नीति को अपनाया जा सकता है। महोदय! हमारे लिए यहां यह आवश्यक है कि ऐसा पागलपन करने से पहले उस पर विचार करें कि अमरीका में क्या स्थिति थी। मेरे पास कुछ आंकड़े हैं, जो यह बताते हैं कि अमरीका में 1919 में संविधान में संशोधन करने से पहले वहां क्या समस्या थी और समस्या का क्या रूप था। तब अमरीका में शराब का कुल कितना उपभोग होता था? फैल्डमैन की पुस्तक प्रोहिबिशन के अनुसार, स्थिति यह थी। सन् 1910 और 1914 के बीच स्प्रिट से बनी शराब, वाइन और बीयर की प्रति व्यक्ति खपत 22.43 गैलन, 1905 और 1910 के बीच 21 गैलन, 1900 से 1904 के बीच 18.77 गैलन थी। इससे पता चलता है कि शराब की प्रति व्यक्ति खपत तेजी से बढ़ रही थी। यह खपत 1900 से 1901 में 18 गैलन, 1905 से 1909 में 19.46