बजट पर चर्चा
37
कराधान का प्रश्न है, लापरवाही से बनाया गया बजट है और जहां तक व्यय का प्रश्न है, यह निरर्थक है। महोदय! हम सबको समझ लेना चाहिए कि इस प्रेसिडेंसी में सबसे अधिक कर लगे हुए हैं। ब्रिटिश भारत के प्रांतों में प्रति व्यक्ति कराधान को यहां प्रस्तुत किया जा रहा है। ये मेरे आंकड़े नहीं हैं। ये मेरे माननीय मित्र, वित्त मंत्री के आंकड़े हैं, जो मैंने उनके पिछले वर्ष के बजट भाषण से लिए हैंः रुपए
बिहार और उड़ीसा 1.29
बंगाल 1.78
आसाम 2.26
मध्य प्रांत 2.72
संयुक्त प्रांत 2.29
पंजाब 4.43
मद्रास 3.26
सिंध 4.90
बंबई 6.00
इसी से पता चल जाएगा कि हमारी जनता कितने भारी करों के बोझ से दबी हुई है। सच्चाई यह है कि हमारे व्यय को इतना नियंत्रित किया गया है कि हमारे पास व्यय करने के लिए कुछ है ही नहीं। वास्तव में, हमारे पास व्यय करने के लिए कुछ गुंजाइश है ही नहीं। व्यावहारिक रूप में इस प्रेसिडेंसी में कर इकट्ठा करने की लागत हमारे राजस्व की 15 प्रतिशत बैठती है। अवकाश प्राप्ति पर लोगों को देने में दस प्रतिशत खर्च हो जाता है। ब्याज साढ़े दस प्रतिशत ले जाता है। कानून और व्यवस्था (न्याय, पुलिस और जेल समेत) पर 18 प्रतिशत चला जाता है। अब बाकी जो बचता है, वह उन मदों पर खर्च किया जाता है, जिन्हें जन-कल्याण की मदें कहते हैं। यही स्थिति है। कठिन परिस्थितियों में जहां तक राजस्व का संबंध है, हमारी क्षमता कम है, और जहां तक विनियोग का प्रश्न है बहुत सी मदें, जो जन-कल्याण के रूप में हैं, हमें कुछ नहीं देतीं। ऐसी परिस्थिति में हमारे माननीय वित्त मंत्री को ज्यादा सावधानी दिखानी चाहिए थी। मुझे खेद है कि उन्होंने ऐसा नहीं किया (तालियां)।