418 बाबासाहेब डॉ. अम्बेडकर संपूर्ण वाघ्मय
कई वर्षों से हूँ-जब कोई ऐसा महत्वपूर्ण मामाल आता है, जिसमें अनेक व्यक्तियों की रुचि हो, तो आगामी सप्ताह की कार्य सूची कम से कम उससे पिछले शुक्रवार को ही पढ़ दी जानी चाहिए। मैं कुछ प्रक्रियाओं से बंधा हुआ हूँ। स्पष्ट रूप से यह संभावित नहीं था कि इस बिल के लिए समय मिलेगा, किंतु जब एक दिन का कार्यक्रम बढ़ा तो यह रखा गया और इसके लिए आज तथा आने वाले कल का समय मिल पाया। इसलिए पूर्व सूचना नहीं दी जा सकी। मुझे विश्वास है कि माननीय सदस्यगण इसका अच्छा उपयोग करने का प्रयास करेंगे और टेलीग्राम आदि भेजते हुए अन्य सदस्यों को भी सूचित कर देंगे। अतः, यहाँ तक श्री त्यागी का प्रश्न है, यदि वे यह समझते हैं कि जो सदस्य बाहर हैं, वे इस कार्यवाही में रुचि रखते हैं, तो मैं बता सकता हूँ कि आज सायंकाल अथवा प्रातःकाल कार्यवाही का प्रसारण होगा और इससे वे भी इस बारे में जानकारी ले सकेंगे।
एक माननीय सदस्यः वे कल कैसे आ सकते हैं?
माननीय उपाध्यक्षः वे हवाई जहाज से आ सकते हैं। इसका निर्णय अध्यक्ष को नहीं लेना है कि वे कैसे आ सकते हैं। मैं केवल यही कह सकता हूँ कि इस प्रकार के महत्वपूर्ण मुद्दे पर वस्तुतः सरकार को उचित सूचना देनी चाहिए। ऐसा नहीं है कि सरकार इस महत्वपूर्ण मामले की अनदेखी कर सकती है। आम जनता उत्सुक हैं, प्रान्तों और राज्यों के अधिकांश सदस्य यहां नहीं हैं। यदि वे यहां होते भी, तो यह उम्मीद नहीं की जा सकती कि हर किसी को सभी पुस्तकें पढ़नी चाहिए और तत्काल सूचना पर समस्त जानकारी का उपयोग करना चाहिए। यह लाभ की स्थिति नहीं है, किंतु मुझे विश्वास है कि माननीय सदस्यगण इस अवसर का लाभ उठाने के लिए श्रेष्ठ प्रयास करेंगे। कोई भी इस बात की गारंटी नहीं दे सकता कि चर्चा कितनी लम्बी चलेगी। यह आज सायंकाल भी समाप्त हो सकती है, अथवा कल तक चल सकती है।
श्री टी.ए. रामलिंगम चेट्टियार (मद्रासः सामान्य)ः इस बिल के लिए क्या कार्यक्रम है?
माननीय उपाध्यक्षः यह पूरी तरह से सदन के हाथ में है। मैं नहीं समझता कि हम इसे संक्षिप्त कर सकते हैं। यह सदन को देखना है कि क्या चर्चा को जारी रखना आवश्यक है, और यदि पर्याप्त विचार-विमर्श हो जाता है तो जितना जल्दी संभव हो, इसे समाप्त कर दिया जाएगा।
श्री महावीर त्यागीः श्रीमान्, मैं प्रश्न को दूसरी तरह से रखूंगा। क्या मैं जान सकता हूँ कि शेष भाग में कोई अन्य सरकारी बिल रखा जाना है अथवा हमारे समक्ष केवल यही बिल रखा जाएगा? मैं यह जानना चाहता हूँ कि यह बिल कितनी देर तक चलेगा?