हिंदू संहिता : जारी - Page 196

181

माननीय उपाध्यक्ष : अखबारों में कुछ भी छपे होने के बावजूद राष्ट्रपति का नाम लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी। अब, श्री नजीरुद्दीन अहमद का व्यवस्था का प्रश्न क्या है? श्री नजीरुद्दीन अहमद : खड़े हुए।

सरदार बी. एस. मान (पंजाब) : माननीय सदस्य अपना व्यवस्था का प्रश्न करें इससे पूर्व महोदय, क्या मैं कह सकता हूँ कि आपने वाद-विवादों में पहले कतिपय, टिप्पणी की है कि आप यहाँ महिला सदस्यों को कतिपय छूट देते हैं। अभी जबकि हम इस विधेयक पर चर्चा करने जा रहे हैं क्या मैं निवेदन कर सकता हूँ कि इसके बाद आप माननीय महिला सदस्यों और माननीय पुरुष सदस्यों के साथ बराबरी का व्यवहार करेंगे और महिला सदस्यों को कोई रियायत नहीं दी जाएगी? यह बिल्कुल उचित समय है जब कि उन्हें यह फैसला लेना चाहिए कि वे रियायतें लेंगी या हिंदू संहिता विधेयक (व्यवधान)।

श्रीमती दुर्गाबाई : मैं चाहती हूँ कि सभापति अपनी व्यवस्था दें। यह सत्य है कि कुछ समय पहले सभापति ने कहा था कि कुछ महिला सदस्यों के द्वारा अपने लिए विशेष रियायतों की माँग की थी और यह सत्य है कि महिला सदस्यों ने इसका प्रखर विरोध भी किया था कि वे विशेष रियायत कदापि नहीं चाहती हैं। इसलिए माननीय सदस्य जो सत्य नहीं है उसे बोलने की गलती कर रहे हैं।

माननीय उपाध्यक्ष : मुझे अच्छी तरह से पता है कि महिला सदस्य अपने लिए कोई विशेष रियायत नहीं चाहती हैं; उनका इरादा यह नहीं हो सकता है। अतएव, यदि मैंने ऐसी कोई टिप्पणी की थी तो मैंने यह सोचा कि इसे स्वस्थ मनोरंजन के रूप में लिया जाएगा और मेरा इरादा कोई विचार व्यक्त करने का नहीं था। मैं अच्छी तरह जानता हूँ कि किसी भी महिला सदस्य को कभी भी रियायत या विशेषाधिकार की जरूरत नहीं रही है। जहाँ तक मेरा संबंध है मुझे पुत्र और पुत्री दोनों हैं और इसलिए मैं पूरी तरह से निष्पक्ष रहने का प्रयास करूँगा। अब व्यवस्था का प्रश्न क्या है? व्यवस्था के प्रश्न के संबंध में मैं माननीय सदस्यों को पुनः स्मरण दिलाना चाहूँगा कि उन्हें अपना प्रश्न बिना किसी बहस के संक्षिप्त रूप से करना चाहिए और मेरी इच्छा के बगैर उनकी व्याख्या नहीं करें। मैं आशा करता हूँ कि माननीय सदस्य इस बात का ध्यान रखेंगे।

श्री नजीरुद्दीन अहमद : मैं व्यवस्था का प्रश्न उठाऊँगा और इसे अत्यन्त संक्षेप में स्पष्ट करूँगा ताकि यह बोधगम्य हो।

माननीय उपाध्यक्ष : यदि मैं नहीं समझ पाऊँगा तो मैं माननीय सदस्य से पूछूँगा।