448 बाबासाहेब डॉ. अम्बेडकर संपूर्ण वाघ्मय
उपाध्यक्ष महोदय : अभी हम केवल परिभाषाओं पर चर्चा कर रहे हैं। जब हम अलग-अलग मामलों पर आएंगे तब हम चर्चा करेंगे कि सपिण्ड, सगोत्र, अथवा किन-किन बातों के बारे में प्रथाओं को बने रहने दिया जाना है। क्या माननीय सदस्य का मंतव्य यह है कि प्रथाओं की परिभाषा को बाहर कर दिया जाए?
पंडित ठाकुर दास भार्गव : आने वाले खंडों में जहां कहीं ”प्रथा“ शब्द आएगा इसकी परिभाषा उस शब्द को नियंत्रित करेगी। इस शब्द से वही अभिप्रेत होगा जो हम यहां निश्चित करेंगे। इसलिए “प्रथा“ शब्द का महत्व समझ लेना और यह देखना बहुत जरूरी है कि यह हमारे सिद्धातों को कैसे प्रभावित करता है। हमारे लिए इस शब्द का पूरा अर्थ जानने के लिए हमें इस बात को महसूस करना जरूरी है कि जब हम “प्रथा” शब्द को प्रस्तावित तरीके से परिभाषित करते हैं तो हम इस कोड के पूरे प्रावधानों को किस प्रकार बदल देते हैं।
उपाध्यक्ष महोदय : इन बातों को समझने के लिहाज से कि माननीय सदस्य एक वरिष्ठ सांसद हैं लेकिन ये सब बातें मैं खुद भी समझ लेना चाहता हूँ। जब विवाह अथवा विवाह-विच्छेद जैसी अलग-अलग मदों पर चर्चा की जाएगी, तब हम देखेंगे कि उस भाग विशेष के संबंध में क्या-क्या बदलाव किए जाने हैं। हम कह सकते हैं कि ”इस बात के होते हुए भी इस बात की अनुमति नहीं दी जाएगी आदि।“ अभी हम परिभाषा भाग पर हैं और हम दायरा बढ़ाकर प्रत्येक प्रविष्टि पर चर्चा नहीं करेंगे और न यह कहेंगे कि अमुक-अमुक प्रथा कठिनाई पेश करेगी। यह सब करने से चर्चा सामान्य हो जाएगी।
पंडित ठाकुर दास भार्गव : आपने विस्तार से, कृपापूर्वक जो विवेचन किया है उसके बिना भी मैं आपका मंतव्य समझ गया हूँ। आपकी उठाई बात का महत्व मैं समझता हूँ। आप यहां प्रथाओं को केवल परिभाषित कर रहे हैं, परन्तु यहां जो भी परिभाषा दी गई है वह उन सभी प्रथाओं पर लागू होगी जिनकी अनुमति कतिपय मामलों में दी गई है।
उपाध्यक्ष महोदय : यह जरूरी नहीं है। सिखों या कुछ अन्य लोगों के बारे में हम यह कह सकते हैं कि “इस बात के होते हुए भी यह प्रथा मानी नहीं जाएगी।”
पंडित ठाकुर दास भार्गव : हमारे यह कहने का तात्पर्य क्या यह है कि विवाह से संबंधित मामलों के रिवाज जारी रहेंगे? इसका अर्थ यह है कि किसी प्रकार का नियम लागू रहेगा और उसी नियम या सिद्धांत की परिभाषा हम यहां कर रहे हैं चाहे वह ऐसा हो जो सार्वजनिक नीति के विरुद्ध है परन्तु इसके साथ ही कानून-सम्मत भी है।