19. निष्क्रांत सम्पत्ति प्रशासन (संशोधन) विधेयक - Page 171

156 बाबासाहेब डॉ. अम्बेडकर संपूर्ण वाघ्मय

गया कि यह बहस का विषय हो सकता है कि ऐसी विधि की दशा में, जिसे हालांकि समवर्ती क्षेत्र के संबंध में राज्य विधानमंडल ने पारित किया है। फिर भी जिसे राष्ट्रपति की अनुमति के लिए आरक्षित रखा गया और जिसे राष्ट्रपति ने स्पष्ट रूप से केन्द्रीय सरकार, जो संसद की आकांक्षाओं को निरूपित करती है, की सलाह पर अपनी सहमति दे दी है। मेरा तर्क है सरकार को या तो संशोधन के माध्यम से अथवा किसी अन्य प्रकार से उस अधिनियम विशेष को क्षति पहुँचाकर आगे कुछ और करने से विबंधित समझा जा सकेगा। यह इस प्रकार के तर्क को काटने के लिए कि एक बार विधि संरक्षित हो जाए तो केन्द्रीय सरकार-साक्ष्य अधिनियम के अर्थ में, आगे कोई कार्रवाई करने से विबंधित है, यह परन्तुक समाविष्ट किया गया था। इस परन्तुक को उप-खंड (1) तक विस्तारित करना आवश्यक नहीं समझा गया। क्योंकि ‘विधि बनाना’ अभिव्यक्ति स्वयं इतनी व्यापक है कि इसमें विधि का निरसन भी सम्मिलित हो सकता है।

12.00 बजे दोपहर

‘विधि बनाने’ से क्या अभिप्रेत है? आम भाषा में विधि बनाने का अर्थ है ऐसा अधिनियम बनाना जहाँ पहले अधिनियम न हो अथवा जहाँ अधिनियम हो वहाँ उसमें कुछ जोड़ना, उसमें कुछ परिवर्तन करना, उसमें कुछ संशोधन करना अथवा उसे निरसित करना। ये सब उस व्यापक वाक्यांश ‘विधि बनाना’ में शामिल है। अतः चूँकि विधि बनाने में पूर्व अधिनियम को निरसित करते हुए विधि बनाना अथवा एक अन्य अधिनियम बनाना शामिल है, यह महसूस किया गया कि परंतुक में अंतर्विष्ट उपबंध अनुच्छेद 254 के उप-खंड (1) के संबंध में अनावश्यक थ। अतः अनुच्छेद 254 में ‘विधि बनाने’ वाक्यांश भी निहित है जिसमें कानून को निरसित किया जाना भी शामिल है। चूंकि यह महसूस किया गया कि अनुच्छेद 254 के उप-खंड (2) का यह निहितार्थ नहीं होता। इसलिए यह उपबंध इसमें जोड़ा गया। अतः मेरा निवेदन है कि यदि संसद किसी समवर्ती क्षेत्र में राज्य का विधानमंडल द्वारा बनाई गई विधि को निरसित करती है तो इसमें कुछ भी सांविधानिक नहीं है।

दूसरे मुद्दे के संबंध में कि क्या आप कुछ विधियों को निरसित करके एक व्यापक बहुप्रयोजन विधि बना सकते हैं, मुझे ऐसा लगता है कि यहाँ भी ऐसा करना अनुचित नहीं है। व्यापक विधि बनाने से क्या लाभ होगा? हम यह कर सकते थे कि सैंकड़ों अधिनियम जिनमें से प्रत्येक किसी विशिष्ट विधि से संबंधित हो बना सकते थे जिसमें यह उल्लेख किया जाए कि हम इस अधिनियम को निरसित करते हैं, एक अन्य अधिनियम में यह उल्लेख किया जाए कि हम उस अधिनियम को निरसित करते हैं और एक तीसरे अधिनियम में यह उल्लेख किया जाए कि हम तीसरे को निरसित करते हैं। ऐसा करने के बजाय, हमने इसे सामूहिक रूप से कर लिया।