279
डॉ. अम्बेडकर : जी नहीं, इस कार्य की अलग-अलग राज्यों में अलग-अलग स्थिति है।
श्री नन्द किशोर दास : मैं जानना चाहता हूँ कि क्या केन्द्रीय संसद के चुनाव
खर्च में निर्वाचन आयुक्त और उनके कार्यालय का खर्च भी शामिल किया जाएगा?
डॉ. अम्बेडकर : नहीं, वह अलग खर्चा है।
श्रीमती दुर्गाबाई : मैं जानना चाहती हूँं, कि क्या संविधान के अंतर्गत विचाराधीन निर्वाचन आयोग की स्थापना कर दी गई हैः यदि नहीं, तो कब तक कर दी जाएगी?
डॉ. अम्बेडकर : मेरा ख्याल है कि निर्वाचन आयुक्त की नियुक्ति हो गई है और वह या तो आज अपना कार्यभार संभाल रहे हैं अथवा कल से ही उन्होंने अपना कार्यभार संभाल लिया है।
श्री त्यागी : मैं राज्य विधानसभा के उप चुनाव के बारे में आज की स्थिति जानना चाहता हूँ कि क्या ये उप चुनाव पुरानी निर्वाचक नामावलियों के आधार पर होंगे अथवा नई निर्वाचक नामावलियों के आधार पर?
डॉ. अम्बेडकर : वर्तमान निर्वाचक नामावलियों के आधार पर होंगे, क्योंकि चुनाव के समय वही उपलब्ध होंगी।
श्री टी.टी. कृष्णमाचारी : मैं जानना चाहता हूँ कि नियुक्त किए गए निर्वाचन आयुक्त जो कुछेक दिनों में अपना कार्यभार संभालने वाले हैं, क्या उन्हें मुख्य निर्वाचन आयुक्त के रूप में पदामिहित किया गया है? यदि ऐसा है तो क्या और निर्वाचन आयुक्तों की भी नियुक्ति की जाएगी? यदि हाँ, तो यह संख्या क्या होगी?
डॉ. अम्बेडकर : प्रश्न के बाद के भाग के बारे में सरकार ने अभी कोई निर्णय नहीं लिया है।
श्रीमती दुर्गाबाई : क्या मैं जान सकती हूँ कि इस निर्वाचन आयुक्त का कार्य क्षेत्र क्या होगा?
डॉ. अम्बेडकर : उसका पहले ही संविधान में वर्णन किया जा चुका है।
श्री कॉमथ : क्या विधि मंत्री यह बताने की स्थिति में हैं कि आम चुनाव दशकीय जनगणना के पहले होंगे या बाद में?
डॉ. अम्बेडकर : मैं कोई वादा तो नहीं करता पर मैं ऐसा मानता हूँ कि दशकीय जनगणना का निर्वाचक नामावलियाँ तैयार करने के कार्य पर गहरा प्रभाव पड़ेगा और साथ ही सीटों के मामले पर भी। इसलिए इस कार्य को चलने दीजिए।