281
जा सकता है यदि यह आंदोलन जो आत्म सम्मान और आत्मनिर्भरता पर आधारित है उसे दक्षता से संगठित किया जाए। इस सामाजिक आंदोलन की ओर से मैं यह वर्तमान अपील कर रहा हूं।
वे लोग जो मेरी गतिविधियों को नजदीक से नहीं जानते हैं वे सामाजिक आंदोलन की ओर से मेरे वर्तमान कदम से आश्चर्यचकित हो सकते हैं। वे मुझे एक राजनीतिज्ञ के रूप में देखते हैं। वस्तुतः राजनीति कभी भी मेरा शौक नहीं था। यह मेरी यदा-कदा गतिविधि रही है। इतिहास का छात्र होने के नाते मैं इस विचार से अत्यधिक रूप से प्रभावित रहा हूं कि समुदाय के पुनरुद्धधार में राजनीतिक शक्तियां कितनी भी महत्वपूर्ण क्यों न हों, सामाजिक, आर्थिक और नैतिक शक्तियां उससे अधिक अत्यावश्यक हैं और यह कि राजनीतिक शक्तियां लोगों के सामाजिक, आर्थिक और नैतिक पुनरुद्धार की साधन मात्र हैं। मैंने शुरू से ही राजनीतिक आंदोलन की अपेक्षा सामाजिक आंदोलन पर अधिक बल दिया है। मेरे लोक जीवन के 25 वर्षों की अधिकांश अवधि मुख्य रूप से अछूतों के सामाजिक उत्थान को समर्पित रही है। मैंने इसका उल्लेख केवल उस राय को ठीक करने के लिए किया है कि मैं केवल राजनीतिज्ञ हूं। क्योंकि यह एक गलत राय है। मैं चाहता हूं कि जनता यह महसूस करे कि इस नए आंदोलन को गति देने और इसको विकसित करने में मैंने कोई नगण्य भूमिका अदा नहीं की है। अपने कथन के समर्थन में मैं एक कांग्रेसी और बंबई के पूर्व प्रधानमंत्री श्री बी.जी.खेर को उद्घृत करना बेहतर समझता हूं, जिन्होंने मेरे भाषण के जवाब में 23 अगस्त, 1937 को मंत्रियों के वेतन बिल पर बंबई विधानसभा में कहा था;
‘‘इसके आगे डॉ. अम्बेडकर ने पर्याप्त रूप में सक्षमता को एक बिंदु बनाया जिसके बारे में दो राय नहीं हो सकती। मैं माननीय सदस्य का आभारी हूं कि उन्होंने उस मंत्रिमंडल के कार्मिकों की सक्षमता का उल्लेख किया और अपनी सच्ची राय दी। मुझे उनकी सक्षमता पर बिल्कुल शक नहीं है। मैं यह भी जानता हूं कि वे दलित वर्गों की यह सेवा ऐसे कर रहे हैं जैसे और कोई नहीं कर पाया है (सुनिए, सुनिए)। क्या मैं माननीय से पूछ सकता हूं कि उन्हें इस सेवा के लिए क्या वेतन मिलता है? मैं जानता हूं जो सेवा वे दलित वर्गों के आंदोलन को प्रदान कर रहे हैं उसे पैसे से नहीं खरीदा जा सकता- (सुनिए-सुनिए)। माननीय सदस्य अपने समुदाय के आंदोलन के लिए जो कुछ कर रहे हैं उसे पैसे से नहीं आंका जा सकता हैं। सक्षमता किसी को प्राप्त होने वाले वेतन पर बिल्कुल निर्भर नहीं है। मेरे माननीय मित्र को अपने समुदाय को इतनी सक्षम सेवा प्रदान करने के लिए क्या आर्थिक लाभ मिलता है क्या मैं जान सकता हूं?’’