74. 18/19.7.1942 यदि लोकतंत्र समाप्त होता है, तो यह हमारा विनाश होगा। - Page 255

234 बाबासाहेब डॉ. अम्बेडकर संपूर्ण वाघ्मय

(2) दलित वर्ग महिला सम्मेलन, जिसकी अध्यक्षता अमरावती की श्रीमती डोंगरे ने की; और

(3) समता सैनिक दल सम्मेलन, जिसकी अध्यक्षता श्री गोपाल सिंह, एमबीई, एमएलए (पंजाब) द्वारा की गई।

अखिल भारतीय दलित वर्ग सम्मेलन तीन बातों के लिए उल्लेखनीय था। यह पुरुषों और महिलाओं की रिकार्ड उपस्थिति के कारण उल्लेखनीय था। इस सत्र में कम से कम 75000 लोग उपस्थित थे, जिनमें कम से कम 20000 महिलाएं थीं। इसके अतिरिक्त इसमें भारत के लगभग सभी प्रांतों के दलित वर्गों के प्रतिनिधि आए थे।

इस सम्मेलन में पारित संकल्प वह दूसरी बात थी जिसके लिए यह सम्मेलन सदैव स्मरणीय रहेगा। इन संकल्पों में पहली बार दलित वर्गों की राजनीतिक मांगों का स्पष्ट और सकारात्मक उद्घोष हुआ। जो कोई भी इनको पढ़ता उसे इस बात का कोई संदेह न रहता कि अछूतों की राजनैतिक मांगें क्या हैं। जैसा कुछ समाचार-पत्रों के संवाददाताओं ने कहा कि इस सम्मेलन द्वारा पारित संकल्पों ने, मांगों के स्वरूप और उनके शब्दों की सुनिश्चितता दोनों ने ही, दलित वर्गों का पाकिस्तान बना दिया है।

तीसरी बात जिसके लिए यह सम्मेलन स्मरणीय रहेगा वह है अखिल भारतीय संगठन स्थापित करने के लिए इस सम्मेलन द्वारा जारी किया गया संकल्प, जिसे अखिल भारतीय अनुसूचित जाति परिसंघ कहा जाएगा। यह संगठन, जो भारत के दलित वर्गों के एकमात्र प्रवक्ता के रूप में कार्य करेगा, और इस सम्मेलन ने जो एक निश्चित निर्णय लिया है कि अन्य सभी छोटे और प्रांतीय संगठनों को इस एक संगठन में मिला दिया जाएगा उसकी भारत के विभिन्न प्रांतों में प्रांतीय शाखाएं होंगी।

इस सम्मेलन द्वारा पूरे किए गए कार्य के दृष्टिकोण से इस संबंध में कोई संदेह नहीं है कि इस सम्मेलन ने दलित वर्गों के लिए एक नया दृष्टिकोण प्रस्तुत किया है और अछूतों के आंदोलन को एक नई दिशा दी है।

स्वागत समिति की कार्रवाइयों के इस रिकार्ड में अन्य दोनों सम्मेलनों की कार्यवाही को भी शामिल करने का निर्णय भी लिया गया, जो इस मुख्य राजनीतिक सम्मेलन के एक भाग के रूप में इसी पंडाल में आयोजित किए गए थे और जो संपूर्ण भारत में अछूतों में रुचि और जोश जागृत करेंगे। इससे वे इस बात का अनुभव करेंगे कि किस प्रकार से स्वैच्छिक संगठन और महिला संगठन सामाजिक और राजनीतिक दोनों मामलों में अछूतों के जीवन को मजबूत करने के लिए प्रगामी रूप से अपना प्रभाव महसूस करा रहे हैं।

   