293
जन्मसिद्ध अधिकार का उसे अहसास दिलाया। अपनी असामान्य कर्तृता से अस्पृश्य जनता के आचार और विचारों में अभूतपूर्व क्रांति ला दी। इतना ही नहीं, स्पृश्य हिन्दू समाज को भी अंतर्मुख कर विचार प्रवण बनाया। केवल दो दशकों की अल्प अवधि में आपने यह सब साध्य किया। यह बात जितनी आश्चर्यकारी उतनी ही आनंददायी और आशादायी है। अतिदलित और अस्पृश्य समाज में आपके जैसा अद्वितीय नेता पैदा हुआ यह न केवल अस्पृश्य जनता का बल्कि अखिल हिंदू जनता का सौभाग्य है।
तेरह वर्ष पूर्व आपके नेतृत्व में इस शहर के चवदार तालाब का पानी भर कर हजारों अस्पृश्य बांधवों ने अपने नागरिक समानता के अधिकार पर अमल किया। उसके बाद यहां के लोगों में स्पृहणीय क्रांति आई। इसका श्रेय मुख्यतः आपको ही दिया जाना चाहिए। आपके अस्पृश्योद्धार के महान कार्य के लिए महाड के लोगों का समर्थन हमेशा आपके साथ है यह आश्वासन हम महाड़ के नागरिकों की तरफ से देना चाहते हैं।
जिस समाज में आपका जन्म हुआ उस समाज की उन्नति के लिए आपके मन में लगन की जो ज्योति जली है उसका दर्शन पिछले बीस वर्षों में कई छोटे-बड़े प्रसंगों में जनता कर चुकी है। जिन विशिष्ट सामाजिक हालात में आपको अस्पृश्य जनता की राजनीतिक और सामाजिक प्रगति हासिल करनी है उसके बारे में सोचें तो एक बात विचारवानों को माननी ही पड़ेगी कि बाहरी तौर पर भले आपके आंदोलन का स्वरूप जातीय रहा अंदर से वह पूरी तरह राष्ट्रीय गोलमेज परिषद और पुणे करार के अवसर पर हालत के अनुरूप स्वजनहित और राष्ट्रहित का सुयोग्य समन्वय करने की बहुतेरी कोशिश आपने की। राजनीतिक क्षेत्र में आपने जो काम किया है उसके बारे में जिन्हें यथायोग्य अहसास है उन हिंदी नागरिकों के मन में आपके बारे में पूर्ण आदर है।
पिछले तीन सालों में स्वतंत्र लेबर पार्टी की स्थापना कर आपने अपने राजनीतिक कार्यक्षेत्र की व्याप्ति बढ़ाई है। केवल अस्पृश्य ही नहीं तो देश के श्रमजीवि, दलित, किसान, कामगार वर्ग की उन्नति के लिए आप निरंतर बिना विश्राम जो काम कर रहे हैं वह अभिनंदनीय है।
इस देश का दलित और श्रमजीवि वर्ग बड़ी आशा से आप पर नजरें टिकाए हुए हैं। उनकी आशाएं आपके हाथों सफल हों और उसके लिए आपको दीर्घायुरारोग्य प्राप्त हो। जगान्नियंता प्रभु के चरणों में यह प्रार्थना करते हुए हम यह मानपत्र बड़े आदर और अप नत्व के साथ आपको अर्पण कर रहे हैं। इस विनती के साथ कि उसका स्वीकार हो।
आपके नम्र सेवक,
विष्णु नरहरी खोड़के,
प्रेसिडेंट महाड़ म्युनिसिपालिटी