329
की तुलना की जाए तो वे संगठन म्युनिसिपल संगठन के सामने ठहर नहीं सकते। उन संगठनों का कामकाज 1919 तक मैं देखता आया हूं। उन्होंने कामगारों का थोड़ा भी फायदा नहीं कराया है। उल्टे उनका नुकसान ही किया है। इन लोगों ने कुल 30-40 हड़तालें की होंगी लेकिन उनमें से एक भी हड़ताल सफल नहीं रही। पिछले साल उन्होंने मिल कामगारों की हड़ताल करवाई। जिस किसी तरह 3-4 हफतों तक चलाई। आखिर कामगारों की झोली में एक पैसा भी न डालते हुए हड़ताल बिखर गई। आपमें से कई लोग यह बात जानते ही होंगे।
इसके ठीक खिलाफ हमने 2 वर्ष पूर्व केवल एक बार आपकी हड़ताल करवाई और इतने कम समय में उसे सफलता मिली कि मुंबई म्युनिसिपालिटी हमसे हार गई और हमारे कामगारों की सारी शर्तें मानकर उन्हें तनख्वाहें भी बढ़ा कर दीं।
इस उदाहरण को देखने के बाद कोई भी म्युनिसिपल कामगार संघ को बुरा नहीं कहेगा। मैं जो कह रहा हूं उस पर भरोसा न हो तो मुंबई सरकार का गैजेट खोल कर देखें। सरकार बीच-बीच में हर संघ और यूनियन की जांच करती है। फिर अपनी राय लेबर गैजेट में दर्ज करती रहती है। सरकार ने म्युनिसिपल कामगार संघ के बारे में टिप्पणी दर्ज करते हुए लिखा है-‘म्युनिसिपल कामगार संघ जैसा अन्य कोई भी संघ या यूनियन व्यवस्थित ढंग से नहीं चलता’।
इस संघ के जो काम होने अभी बाकी हैं उनके लिए संगठन में काम करने वाले लोगों को बिल्कुल दोष नहीं दिया जा सकता। संगठन का काम करने वाले सभी लोग काबिल नहीं हैं इस बारे में मुझे कोई शक नहीं है। इस बारे में अगर मैं किसी को दोषी ठहराऊं तो वे हैं संगठन के सदस्य। संघ में काम करने वाले लोग अपनी तरफ से कुछ नहीं कर सकते। उन्हें आप सबसे मदद चाहिए। आपकी मदद ही संघ को सफलता दिला सकती है। संघ में काम करने वाले अच्छे लोग आपको मिले हैं। ऐसे में आप अगर एकता से नहीं रहे तो उसे बड़ा दुर्भाग्य ही कहना पड़ेगा।
इस सभा में मैं आपको उपदेश कर रहा हूं इसका मतलब यह नहीं कि आपके बच्चों को भी वही काम करना चाहिए जो आप करते हैं। आप जो काम करते हैं वह बहुत गंदा काम है। लेकिन आजकल जो बुरे हालात चल रहे हैं उसमें कुछ लोग चोरी, डकैती भी करते हैं, उससे मेरी राय में यह काम बेहतर है। एक बात और यह कि आप अपने बेटों और बेटियों को पढ़ाइए। जो काम आप करते हैं वही उन्हें ना करना पड़े इसका ख्याल रखें। आप जो ये गंदा काम करते हैं उसके लिए अन्य जाति के लोगों को चाहे जितना पैसा देने से भी वे नहीं करेंगे। फिर, क्या आपको इस गंदे काम का बेहतर मुआवजा मिलता है? आपने अगर यह काम करने से इंकार किया तो मुंबई में रहने वाले लोग हैजे तथा अन्य बीमारियों से फटाफट मर जाएंगे। मुंबई की चाभी आपके