192 11.1.1942 अपनी रक्षा के लिए सुरक्षा बलों का गठन कीजिए - मुंबई - Page 363

342 बाबासाहेब डॉ. अम्बेडकर संपूर्ण वाघ्मय

192

* अपनी रक्षा के लिए सुरक्षा दलों का गठन कीजिए

रविवार, दिनांक 11 जनवरी, 1942 को आर.आई.एन. डॉकयार्ड फैक्टरी के मिल राइट शॉप के अस्पृश्य कामगारों की ओर से आयोजित एक समारोह में डॉ. बाबासाहेब अम्बेडकर द्वारा शुरू किए गए इमारत फंड के लिए 101 रुपयों की थैली अर्पण की गई। सभा के नियोजित अध्यक्ष डॉ. बाबासाहेब अम्बेडकर के आगमन के समय यथास्थल पर इक्ट्ठा अपार जनसमुदाय ने तालियों की गड़गड़ाहट और उनकी जयकार ध्वनि की पृष्ठभूमि में डॉ. बाबासाहेब का अपूर्व स्वागत किया। श्री बी. एस. गायकवाड़ ने सभा की शुरूआत की। उन्होंने कहा, इस सभा की खासियत यह है कि मेरे मित्र एल. एस. रोकडे ने मिल राइट शॉप के अपने 20-25 कामगार बंधुओं की सहायता से यह छोटी-सी थैली डॉ. बाबासाहेब के इमारत फंड के लिए अर्पण करने की सोची इसके लिए वह और उनके अस्पृश्य कामगार बंधु अभिनंदन के पात्र हैं। उनके बाद इमारत फंड के महासचिव श्री उपशाम मास्टर का भाषण हुआ।

डॉ. बाबासाहेब के भाषण से पूर्व श्री एल. एस रोकडे ने बाबासाहेब के इमारत फंड में रु. 101 की थैली अर्पण की।

तालियों की गड़गड़ाहट के बीच डॉ. बाबासाहेब बोलने के लिए उठ खड़े हुए। उन्होंने कहा-

भाइयों और बहनों,

आज यहां इमारत फंड की सभा है इसलिए मैं खड़ा हूं। असल में अगर में तय करूं कि जो 100 रु. देंगे वहां हर जगह में उपस्थित रहूंगा तो इसके लिए मेरी पूरी जिंदगी भी अधूरी पड़ जाए! लेकिन ये 100 रु. मिल राइट शॉप के केवल 22 लड़कों ने ही इक्ट्ठे किए हैं यह बड़ी खुशी की बात है। दूसरा कारण यह है कि डॉकयार्ड में वाडिया विभाग में हमारे 40 और अन्य 100 कामगार हैं। अभी उन्होंने इस काम के लिए अपनी मदद नहीं दी है। मेरे कहने से शायद ये लोग इमारत फंड में सहायता देंगे ऐसा मुझसे कहा गया इसलिए भी मैं यह उपस्थित हुआ हूं। मैं नहीं जानता कि वे लोग यहां उपस्थित हैं या नहीं, लेकिन जो उपस्थित हैं वे अपने अन्य कामगारों से कह कर इन बच्चों द्वारा जो उदाहरण प्रस्तुत किया है उसके अनुसार इमारत फंड में सहायता दें।

* जनताः 17 जनवरी, 1942