15
237
सिर पर कफन बांध कर हम युद्धभूमि में उतरे हैं
मुंबई की अस्पृश्य जनता के संकल्प के अनुसार थैली अर्पण समारोह और डॉ. बाबासाहेब अम्बेडकर का महत्वपूर्ण भाषण आयोजित किया था। इस संदर्भ में निम्नलिखित सूचना जारी की गई थी .
अपने परमपूज्य नेता नेक नामधारी डॉ. बाबासाहेब अम्बेडकर को मुंबई के अस्पृश्य समाज की ओर से थैली अर्पण समारोह रविवार दिनांक 17 फरवरी, 1946 को शाम 5 बजे परेल के जीआईपी रेलवे वर्कशॉप के सामने साध्वी रमाबाई अम्बेडकर नगर (नरेपार्क) में आयोजित किया जा रहा है। इस समारोह के बाद बाबासाहेब अम्बेडकर का महत्वपूर्ण भाषण होगा। अस्पृश्य जनता से सविनय अनुरोध है कि वे इस समारोह में उपस्थित रहें।
इस समारोह में उपस्थित रहने वालों के लिए आठ आने का टिकट खरीदना अनिवार्य है। बिना टिकट किसी को सभा में प्रवेश नहीं मिलेगा, इसीलिए, जिन्होंने अब तक आठ आनों के टिकट नहीं खरीदे हैं वे अपने वार्ड कमेटी से या पोयबावडी के मुंबई शेड्यूल्ड कास्टस् फेडरेशन के ऑफिस से तुरंत खरीद लें। सभा स्थान पर टिकट बेचे नहीं जाएंगे और बिना टिकट किसी को प्रवेश नहीं मिलेगा।
टिकट बेच कर मिलने वाली पूरी राशि अपने परमपूज्य नेता नेक नामधारी डॉ. बाबासाहेब अम्बेडकर को अर्पण की जाएगी। मुंबई की जनता की इच्छा है कि इस थैली की राशि 50000 रुपयों से कम न हो। इसलिए इतनी राशि जुटाने के हिसाब से एक रुपया, दो रुपए, पांच रुपए या इससे अधिक रुपए लेने की योजना तैयार की गई है। इसीलिए, इस प्रकार रुपया देने वालों से चंदा साभार स्वीकार किया जाएगा। चंदा देने वाले महिला-पुरुषों के नामों की सूची छाप कर प्रकाशित की जाएगी। जो इस सूची में अपने नाम छपवाना चाहते हैं वे तुरंत चंदे की राशि वार्ड कमेटी के पास या मुंबई शेड्यूल्ड कास्टस् फेडरेशन के ऑफिस में 15 फरवरी, तक पहुंचाने की कृपा करें।
सूचना जी. एम. जाधव, अध्यक्ष और एस. बी. जाधव, जनरल सेक्रेटरी, शेड्यूल्ड कास्टस् फेडरेशन, मुंबई शाखा (शहर और उपनगर) की ओर से जारी किया गया था।
जनताः 9 फरवरी और 2 मार्च, 1946