10. अल्पसंख्यक समिति - Page 190

10

अल्पसंख्यक समिति

सातवीं बैठक - 28 सितंबर 1931

अध्यक्षः बहुत-सी अल्पसंख्यक जातियों का इस समिति में प्रतिनिधित्व हुआ है। अगर बैठक हम स्थगित कर देते हैं, तब उन्हें यह सुनिश्चित करना होगा कि उनके सुझाव आदि तैयार हो जाएं, जिससे वे उन्हें बैठक में रख सकें। बैठक को स्थगित करने का तभी कोई लाभ है, जब बीच की अवधि का इस्तेमाल कागजों को तैयार करने, उन कागजों को और जो लोग विचार-विमर्श में भाग लेंगे, उनकी सूची मुझे देने के लिए किया जाए, ताकि अगली बैठक के लिए तैयारी की जा सके। मुझे आज सवेरे कुछ दिक्कत महसूस हुई, क्योंकि किसी ने अपना नाम प्रस्तावित नहीं किया था। अगर आप यही चाहते हैं, तो मैं इस कांफ्रेंस का संचालन इस प्रकार करूंगा कि आप सब दो या तीन बैठकों में अलग-अलग हो जाएंगे। यही बात मैं नहीं होने देना चाहता। इस विचार-विमर्श को सद्भावनापूर्ण वातावरण और लाभप्रद होने देने में मार्गदर्शन के लिए मैं जानना चाहता हूं कि कौन-कौन बोलना चाहता है और वह कौन-कौन से विषय उठाना चाहता है, जिससे उचित समय पर वक्ताओं को आमंत्रित किया जा सके। हमारा इरादा किसी को नहीं बोलने देने का बिल्कुल नहीं है, लेकिन हम चाहते हैं कि विचार-विमर्श इस प्रकार से संचालित हो कि उससे अधिकतम लाभ उठाया जा सके। अगर आप बैठक स्थगित करना चाहते हैं, तब आप यह याद रखें कि और बाकी लोग भी ऐसा चाहेंगे, तब मैं उनसे यही कहूंगा कि वे इस अवधि का उपयोग अपने ब्यौरे तैयार करने में करें और मेरी सहायता करें। क्या आप इस शर्त पर स्थगित करना चाहते हैं?

डॉ. अम्बेडकरऽः बैठक के स्थगित होने से पहले मैं एक बात कहना चाहता हूं। जहां तक आपके इस सुझाव का प्रश्न है कि अन्य अल्पसंख्यक वर्ग के साथ अपना-अपना पक्ष प्रस्तुत करने के लिए बातचीत की जा रही है, मैं यह कहना चाहता हूं कि जहां तक दलित वर्ग का संबंध है, हम अपना पक्ष पिछली बार अल्पसंख्यक उप-समिति को प्रस्तुत कर चुके हैं।

ऽ प्रोसीडिंग्स ऑफ दि फेडरल स्ट्रक्चर कमेटी एंड माइनॉरिटीज कमेटी, खंड 1, पृ. 1335-38